भाकियू (स्वतंत्र) का पंचम स्थापना दिवस धूमधाम से संपन्न: किसानों के कर्ज माफी और मुफ्त इलाज की उठी मांग
एत्मादपुर आगरा। भारतीय किसान यूनियन (स्वतंत्र) का पंचम स्थापना दिवस शनिवार को एत्मादपुर क्षेत्र स्थित जल विहार ढाबा पर अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में आगरा मंडल सहित आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों किसानों ने अपनी एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. तरुण शर्मा ने की, जबकि पूरे कार्यक्रम का सफल आयोजन प्रदेश अध्यक्ष दीपक शर्मा (बॉबी) के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल को आमंत्रित किया गया था, लेकिन अनिवार्य कारणों के चलते वे शामिल नहीं हो सके। इसके बावजूद, संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों और किसानों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
किसानों को संबोधित करते हुए समाजसेवी एवं प्रदेश प्रभारी सुनील कुमार ने सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सरकारें लगातार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही हैं। उन्होंने प्रदेश के सभी किसानों का कर्ज पूरी तरह माफ करने और उनके लिए मुफ्त स्वास्थ्य इलाज की ठोस व्यवस्था करने की पुरजोर मांग उठाई।
मंच से बोलते हुए अन्य वक्ताओं ने किसानों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं—जैसे आवारा पशुओं से फसलों का नुकसान, गन्ने का समय पर भुगतान न होना और खाद की भारी किल्लत—को प्रमुखता से उठाया और इनके शीघ्र समाधान की चेतावनी दी।
संगठन को मजबूती प्रदान करने और किसान हित में सराहनीय कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को मंच पर प्रतीक चिन्ह (शील्ड) देकर सम्मानित किया गया।