ऊर्जा सुरक्षा के प्रहरी सम्मानित, बीपीसीएल ने ‘सहयात्रा 2026’ में बढ़ाया कर्मियों का हौसला
आगरा। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की उत्तरी क्षेत्र पाइपलाइन्स की ओर से अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों के समर्पण, निष्ठा और योगदान को सम्मानित करने के लिए 25 सितंबर को होटल क्लार्क्स शिराज, आगरा में ‘सहयात्रा 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उन कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जो देश की ऊर्जा आपूर्ति को सुरक्षित, विश्वसनीय और निर्बाध बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में बीपीसीएल के ईडी (पाइपलाइन्स) बिजू गोपीनाथ, सीजीएम (पाइपलाइन्स संचालन) सुनील कांबले, सीजीएम (पाइपलाइन्स परियोजनाएं) सिगा राव, जीएम (मेंटेनेंस) निलेश टिमोथी, डीजीएम वित्त (पाइपलाइन्स) मुख्यालय कुंतल मिलिंद पलानी, मुख्य प्रबंधक बीपी एवं एमआईएस, पी एंड सी (पाइपलाइन्स) मुख्यालय सौरभ एस. नेगी, मुख्य प्रबंधक एचआर (पाइपलाइन्स) प्रफुल्ल काटे तथा प्रमुख (पाइपलाइन्स), उत्तरी क्षेत्र मालदे लगारिया समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 801 इंजीनियर रेजिमेंट के लेफ्टिनेंट कर्नल नितीन शेरेकर, लेफ्टिनेंट कर्नल प्रदीप मराठ और लेफ्टिनेंट कर्नल संदीप तरागी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
वरिष्ठ अधिकारियों ने अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों की सतर्कता, प्रतिबद्धता और अथक परिश्रम की सराहना करते हुए उन्हें संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति बताया। कार्यक्रम में संचालन एवं अनुरक्षण (ओएंडएम), राइट ऑफ यूज (आरओयू), सुरक्षा, आपातकालीन प्रतिक्रिया और संविदा कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी की।
संवाद सत्र के दौरान कर्मचारियों ने कार्यस्थल से जुड़े अपने अनुभव, चुनौतियां और बेहतर कार्यप्रणालियां साझा कीं। इससे प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच संवाद एवं विश्वास को और मजबूती मिली। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संविदा कर्मियों को सुरक्षा, परिसंपत्ति संरक्षण और परिचालन उत्कृष्टता में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में 801 इंजीनियर रेजिमेंट (रिफाइनरी और पाइपलाइन्स), प्रादेशिक सेना की कमान अधिकारी कर्नल अमृता सिंह ने प्रेरक संबोधन दिया। उन्होंने नेतृत्व, अनुशासन, धैर्य और टीमवर्क के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. रश्मि मिश्रा ने तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवनशैली पर आधारित आर्ट ऑफ लिविंग सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को जागरूक किया।
अपर पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक), आगरा अलका ने सड़क सुरक्षा जागरूकता सत्र में सुरक्षित वाहन संचालन, हेलमेट के नियमित इस्तेमाल और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिभागियों को सुरक्षा हेलमेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के तहत कल्याणम् करोति नेत्र संस्थान, मथुरा के सहयोग से स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और आवश्यक जागरूकता प्रदान की गई।
‘सहयात्रा 2026’ के माध्यम से बीपीसीएल पाइपलाइन्स ने अपने अग्रिम पंक्ति के कर्मियों की मेहनत और समर्पण को सम्मान देने के साथ सुरक्षा, टीमवर्क, कर्मचारी कल्याण और परिचालन उत्कृष्टता के मूल्यों को और मजबूत किया। कार्यक्रम का समापन देश की ऊर्जा सुरक्षा के प्रति नए संकल्प और प्रतिबद्धता के साथ हुआ।