नाबालिग बहनों का रास्ता रोककर हाथ पकड़ने का आरोप, शमसाबाद पुलिस ने आरोपी दबोचा
घर पहुंचकर विवाद और बदसलूकी का भी आरोप, बांगुरी मोड़ के पास से सत्येंद्र गिरफ्तार
आगरा। शमसाबाद थाना क्षेत्र में दो नाबालिग किशोरियों का रास्ता रोकने और उनके साथ बदतमीजी करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर बांगुरी मोड़ के पास से पकड़ा। मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की ओर से 31 जुलाई को थाना शमसाबाद में शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 28 जुलाई को पीड़ित की दो नाबालिग बेटियां स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान आरोपी ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि उसी रात आरोपी पीड़ित के घर भी पहुंच गया और वहां विवाद करने के साथ उसकी बेटी का हाथ पकड़कर बदतमीजी की।
शिकायत के आधार पर थाना शमसाबाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। घटना में संलिप्त आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया था।
इसी क्रम में रविवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में आरोपी सत्येंद्र पुत्र सुजान सिंह निवासी नवादा खेड़ा बांगुरी मोड़ के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी सुरेंद्र राव के अनुसार, नाबालिग किशोरियों से जुड़े मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।