जैन पार्क से बाइक चोरी का खुलासा, कमला नगर पुलिस ने तीन वाहन चोर दबोचे
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस, चोरी की बाइक-स्कूटी और वाहन के पार्ट्स बरामद
आगरा। कमला नगर थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक, स्कूटी और वाहन के पार्ट्स बरामद किए हैं। जैन पार्क से बाइक चोरी की घटना की जांच के दौरान पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस के अनुसार, वाहन चोरी की घटना के बाद थाना कमला नगर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी पहचान और तलाश शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने तोश ग्रीन सोसाइटी के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ और जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक, स्कूटी और दोपहिया वाहनों के पार्ट्स बरामद किए गए। पुलिस की जांच में स्कूटी के भी चोरी का होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद दोपहिया वाहन चोरी से जुड़े मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।