‘चलता रहे मेरा दिल’ वॉकथॉन में उमड़ा जनसैलाब, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और डीएम मनीष बंसल ने दिखाई हरी झंडी
सेवा संकल्प अभियान के तहत विश्व हृदय दिवस पर 3 किलोमीटर वॉकथॉन, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा; योग और नियमित व्यायाम के प्रति किया जागरूक
आगरा। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को यथार्थ हॉस्पिटल की ओर से 3 किलोमीटर ‘चलता रहे मेरा दिल’ वॉकथॉन का आयोजन किया गया। वॉकथॉन में शहर के हजारों लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं आगरा सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत आयोजित वॉकथॉन का उद्देश्य लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और नियमित व्यायाम, योग तथा शारीरिक सक्रियता को दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
वॉकथॉन में बड़ी संख्या में शहरवासियों ने हिस्सा लेकर स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नियमित योग और व्यायाम के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। योग प्रदर्शन के माध्यम से भी लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।
केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए नियमित योग, व्यायाम और सक्रिय जीवनशैली जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता के लिए आयोजित वॉकथॉन को जनभागीदारी से जुड़ा प्रयास बताया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों के उत्साह को बढ़ाने के लिए लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया। इसमें प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रथम पुरस्कार के रूप में साइकिल दी गई, जबकि अन्य पुरस्कारों में जूते और स्वास्थ्य एवं फिटनेस से जुड़े उपयोगी उपकरण शामिल रहे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष बंसल, यथार्थ हॉस्पिटल के एमडी डॉ. कपिल त्यागी, सीओओ डॉ. मनीष गुरुदत्ता, ग्रुप सीईओ अमित सिंह सहित चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले आयोजन के लिए यथार्थ हॉस्पिटल के प्रबंधन, चिकित्सकों और समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया। वॉकथॉन के माध्यम से लोगों को फिट रहने, सक्रिय रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।