गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद हाथी घाट पर रेलवे ने चलाया विशेष सफाई अभियान
यमुना घाट से हटाया गया कचरा और जैविक अपशिष्ट, जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को किया जागरूक
आगरा। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए आगरा मंडल में चल रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को आगरा फोर्ट क्षेत्र स्थित यमुना नदी के हाथी घाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया। गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद घाट और आसपास एकत्रित कचरे को हटाकर क्षेत्र को साफ किया गया।
आगरा मंडल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के साथ विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद रेलवे भूमि और आसपास के क्षेत्रों में सफाई के साथ पुष्प एवं अन्य जैविक कचरे के उचित निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सहायक मंडल पर्यावरण एवं रखरखाव अधिकारी पंकज कुमार के निर्देशन में आगरा फोर्ट के कर्मचारियों ने हाथी घाट और आसपास के क्षेत्र में सफाई की। विसर्जन के बाद एकत्रित कचरे को हटाकर घाट और जल क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया।
जैविक कचरे के उचित निस्तारण पर जोर
अभियान के दौरान जलस्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के साथ पुष्प और अन्य जैविक कचरे के उचित निस्तारण एवं कंपोस्टिंग को भी प्रोत्साहित किया गया। रेलवे कर्मचारियों ने लोगों को कचरे का उचित पृथक्करण करने और जैविक अपशिष्ट का पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण करने के प्रति जागरूक किया।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि धार्मिक आयोजनों के बाद जलस्रोतों और उनके आसपास कचरा न छोड़ा जाए। स्वच्छ घाट और स्वच्छ जलस्रोत बनाए रखने में आमजन की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
‘स्पोर्ट्स फॉर स्वच्छता’ से दिया स्वच्छता का संदेश
स्वच्छता को जनभागीदारी और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के उद्देश्य से आगरा मंडल में 25 और 26 सितंबर को ‘स्पोर्ट्स फॉर स्वच्छता’ अभियान के तहत विभिन्न खेल गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ एवं स्वच्छ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।