आगरा-ग्वालियर हाईवे पर ट्रक ने बाइक सवार दंपती को रौंदा, महिला की मौत; ग्रामीणों ने लगाया जाम
आगरा। आगरा-ग्वालियर हाईवे पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिकंदरपुर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला ट्रक के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार, सैंया क्षेत्र के गांव नगला चोबनिया निवासी किशन सिंह रविवार शाम अपनी पत्नी गुड्डी देवी के साथ इटोरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदार को देखने गए थे। अस्पताल से लौटते समय दोनों बाइक से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान सिकंदरपुर के पास पीछे से आए ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक पर पीछे बैठी गुड्डी देवी सड़क पर गिर गईं और ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया। गंभीर हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का दृश्य इतना दर्दनाक था कि मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप उठी।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। करीब एक घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारु हो सका।
गुड्डी देवी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बताया गया है कि उनकी एक बेटी की शादी देवोत्थान पर होनी है। हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है।