गणपति प्रतिमा स्थापना के लिए प्रशासन की अनुमति जरूरी, बिना अनुमति नहीं लगेगा पंडाल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 13 सितंबर 2026

गणपति प्रतिमा स्थापना के लिए प्रशासन की अनुमति जरूरी, बिना अनुमति नहीं लगेगा पंडाल

गणपति प्रतिमा स्थापना के लिए प्रशासन की अनुमति जरूरी, बिना अनुमति नहीं लगेगा पंडाल

डीजे की आवाज मानक के अनुरूप रखने के निर्देश, रात में तय समय के बाद लाउडस्पीकर पर रहेगी पाबंदी

आगरा। आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ मनाने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में थाना सिकंदरा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सदर विक्रम सिंह राघव ने की। इसमें एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद, नायब तहसीलदार अनिल चौधरी और थाना प्रभारी सिकंदरा राजीव त्यागी मौजूद रहे।

बैठक में गणेशोत्सव आयोजकों, मंदिर समितियों, पार्षदों, ग्राम प्रधानों और क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणेश प्रतिमा स्थापित करने के लिए निर्धारित स्थल पर प्रशासन से अनुमति लेने के बाद ही पंडाल लगाया जाएगा। आयोजकों से अपील की गई कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थान पर पंडाल लगाकर आयोजन न करें।

प्रशासन ने गणेश उत्सव के दौरान डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। साथ ही रात में निर्धारित समय के बाद लाउडस्पीकर का प्रयोग नहीं करने को कहा गया। अधिकारियों ने आयोजकों से नियमों का पालन करते हुए पर्व मनाने की अपील की, ताकि किसी को असुविधा न हो और कानून-व्यवस्था भी बनी रहे।

विसर्जन जुलूस को लेकर भी प्रशासन ने आयोजकों को पहले से पुलिस को जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। जुलूस के रूट की पूर्व सूचना मिलने से यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

एसडीएम सदर विक्रम सिंह राघव ने कहा कि गणेश चतुर्थी के दौरान साफ-सफाई, विद्युत सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। वहीं एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे।

बैठक में मौजूद आयोजकों और क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया। सभी ने गणेश चतुर्थी पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने का संकल्प लिया।

video

Pages