मधुनगर में पोखर में गिरने से पांच साल के बच्चे की मौत, परिजनों में मचा कोहराम - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 13 सितंबर 2026

मधुनगर में पोखर में गिरने से पांच साल के बच्चे की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

मधुनगर में पोखर में गिरने से पांच साल के बच्चे की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

खेत में शौच के लिए गया था हृदयांश, एक घंटे तक नहीं लौटा तो शुरू हुई तलाश; पोखर के पास मिली चप्पल

आगरा। थाना सदर क्षेत्र के मधुनगर स्थित नगला अकोई में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में शौच के लिए गया पांच वर्षीय बच्चा पोखर में गिर गया। काफी तलाश के बाद ग्रामीणों ने उसे पोखर से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

नगला अकोई निवासी कृष्ण अपनी पत्नी मीना और पांच वर्षीय बेटे हृदयांश के साथ रहते हैं। परिजनों के अनुसार कृष्ण और मीना गुजरात की एक गारमेंट फैक्ट्री में काम करते हैं। बताया गया कि दोनों करीब दो दिन पहले बेटे हृदयांश को अपने भाई के पास छोड़कर गुजरात चले गए थे।

परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे हृदयांश खेत की ओर शौच के लिए गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई। करीब एक घंटे बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने भी बच्चे की तलाश शुरू कर दी।

पोखर के पास मिली चप्पल

तलाश के दौरान कुछ ग्रामीणों को बच्चे की चप्पल पोखर के पास दिखाई दी। इसके बाद पोखर में बच्चे की तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने बच्चे को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

video

Pages