ईवीएम की जांच में बरती जाए पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा व्यवस्था रहे चाक-चौबंद: डीएम मनीष बंसल
मंडी समिति स्थित ईवीएम वेयरहाउस पहुंचे जिला निर्वाचन अधिकारी, एफएलसी कार्य का लिया जायजा; सीसीटीवी और लाइव वेबकास्टिंग की भी जांच
आगरा। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया तेज कर दी है। शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने मंडी समिति परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस पहुंचकर एफएलसी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और इंजीनियरों से मशीनों की तकनीकी जांच की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों और प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एफएलसी हॉल में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की तकनीकी जांच, विभिन्न घटकों और बटनों की कार्यप्रणाली के साथ मॉक पोल सहित अन्य निर्धारित प्रक्रियाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मशीन की जांच सावधानी और व्यवस्थित तरीके से की जाए, जिससे किसी भी स्तर पर प्रक्रिया को लेकर कोई संदेह की स्थिति न रहे।
डीएम ने एफएलसी प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी नियमों और प्रक्रियाओं का अक्षरश: पालन किया जाए और एफएलसी से जुड़ी प्रत्येक कार्रवाई निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी की जाए।
सीसीटीवी, वीडियोग्राफी और लाइव वेबकास्टिंग की भी जांच
जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों, वीडियोग्राफी और लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफएलसी के दौरान सभी सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से संचालित रहें।
उन्होंने अधिकृत व्यक्तियों के लिए निर्धारित प्रवेश व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने और अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हो प्रक्रिया
जिला निर्वाचन अधिकारी ने एफएलसी के दौरान मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों की जांच और मॉक पोल की कार्रवाई कराई जाए।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से संबंधित सभी तैयारियां भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरी की जाएं।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एसीएम नीलम तिवारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी नरसिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।