आगरा के इंडस्ट्रियल एरिया में खराब सड़कों और जलभराव पर सीडीओ सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
चोक नालों की सफाई से लेकर बिजली आपूर्ति तक की समस्याओं की हुई समीक्षा, उद्यमियों की शिकायतों का स्थलीय परीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
आगरा। औद्योगिक क्षेत्रों में खराब सड़कों, जलभराव, चोक नालों और विद्युत आपूर्ति जैसी समस्याओं को लेकर प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालन आख्या की समीक्षा से हुई। इसके बाद औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति, सड़क एवं नाला निर्माण, जलभराव, साफ-सफाई, नालों की सफाई और आवागमन से जुड़ी समस्याओं पर विभागवार जानकारी ली गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग बंधुओं की ओर से उठाई गई समस्याओं का केवल कागजी निस्तारण न किया जाए, बल्कि स्थलीय निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जाए और नियमानुसार समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों को रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों के संचालन में बिजली की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए आपूर्ति संबंधी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सड़क, नाला निर्माण और जलभराव से जुड़े मामलों की समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने नालों की नियमित सफाई और जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि बारिश के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव की समस्या न बढ़े। उन्होंने अधिकारियों से सड़क मरम्मत, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए औद्योगिक क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कराए जा रहे निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में विकास कार्य चल रहे हैं, वहां नियमित निरीक्षण किया जाए और कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता न हो। उद्यमियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर मौके की स्थिति के अनुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना समेत उद्योगों के विकास और प्रोत्साहन से जुड़े विभिन्न प्रकरणों पर भी चर्चा हुई। संबंधित अधिकारियों को पात्र प्रस्तावों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ प्रतिभा सिंह ने कहा कि जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उद्योग बंधु समिति के माध्यम से प्राप्त होने वाले प्रकरणों पर संबंधित विभाग गंभीरता से कार्रवाई करें, ताकि उद्यमियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिल सके।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार वर्मा, जिला उपायुक्त उद्योग शैलेंद्र कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जिला उद्योग बंधु समिति के सदस्य और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।