पत्नी और दो मासूम बच्चों को रेलवे ट्रैक पर लिटाकर खुद भी लेटा युवक, पुलिस ने बचाया पूरा परिवार
अछनेरा के रायभा में रात 11 बजे मचा हड़कंप, ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस; पांच मिनट बाद उसी ट्रैक से गुजरी तेज रफ्तार ट्रेन
आगरा। अछनेरा के रायभा में रविवार रात एक युवक ने पत्नी से विवाद के बाद ऐसा खौफनाक कदम उठा दिया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। युवक अपनी पत्नी और दो छोटे-छोटे बच्चों को जबरन घर से लेकर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। यहां उसने पत्नी और दोनों बच्चों को रेलवे पटरी पर लिटा दिया और खुद भी उनके साथ लेट गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस समय रहते मौके पर पहुंच गई और सूझबूझ व तत्परता दिखाते हुए पूरे परिवार को रेलवे ट्रैक से सुरक्षित हटा लिया।
रायभा रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले 31 वर्षीय वेदप्रकाश लोधी पुत्र भोलाराम का रविवार रात किसी बात को लेकर पत्नी ममता से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने पत्नी के साथ मारपीट की। इसके बाद वह पत्नी और दोनों बच्चों छह वर्षीय प्रिंस और ढाई वर्षीय संध्या को लेकर घर से निकल गया। रात करीब 11 बजे वह रायभा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचा।
बताया गया है कि युवक ने वहां अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को जबरन रेलवे ट्रैक पर लिटा दिया और खुद भी उनके साथ पटरी पर लेट गया। परिवार को इस हालत में देखकर आसपास के ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक तथा उसके परिवार को ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
ग्रामीणों के मुताबिक युवक नशे की हालत में था। पुलिस ने वेदप्रकाश को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया। मेडिकल जांच में उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस द्वारा परिवार को रेलवे ट्रैक से सुरक्षित हटाए जाने के करीब पांच मिनट बाद उसी ट्रैक से तेज रफ्तार ट्रेन गुजरी। यदि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
एसीपी अछनेरा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि घटना रविवार रात की है। युवक को हिरासत में लिया गया है और उसका मेडिकल कराया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।