रेलवे ट्रैक पर पेंट का काम कर रहे दो मजदूरों की ट्रेन से कटकर मौत
तेजस एक्सप्रेस की चपेट में आए दोनों श्रमिक, बरहन स्टेशन के पास हादसे से मचा हड़कंप
आगरा। थाना बरहन क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसे में रेलवे ट्रैक पर पेंट का काम कर रहे दो मजदूरों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा बरहन रेलवे स्टेशन के पास कानपुर-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों मजदूर निजी ठेकेदार के अधीन रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुरुवार दोपहर कुछ मजदूर रेलवे ट्रैक पर पेंट का काम कर रहे थे। इसी दौरान कानपुर की ओर से तेज गति से आ रही तेजस एक्सप्रेस की चपेट में दो मजदूर आ गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान योगेंद्र पुत्र डोरीलाल निवासी खरकना, बरहन और रामबाबू पुत्र हिंदीलाल के रूप में हुई है। हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों में घटना के बाद चीख-पुकार मच गई।
रेलवे अधिकारी और पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे अधिकारी और थाना बरहन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे मजदूरों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस और रेलवे अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों मजदूर निजी ठेकेदार के अधीन काम कर रहे थे, ऐसे में कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।