हनुमान मंदिर के बाद शादी वाले दो घरों में लाखों की चोरी, 13 लाख के जेवर और कैश ले गए बदमाश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 11 सितंबर 2026

हनुमान मंदिर के बाद शादी वाले दो घरों में लाखों की चोरी, 13 लाख के जेवर और कैश ले गए बदमाश

हनुमान मंदिर के बाद शादी वाले दो घरों में लाखों की चोरी, 13 लाख के जेवर और कैश ले गए बदमाश

नवंबर में बेटे-बेटी की शादी, तैयारियों के लिए जुटाए थे जेवर; लगातार वारदातों से ग्रामीणों में दहशत

आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुर्जा हनुमान मंदिर में चोरी के महज 24 घंटे बाद चोरों ने नगला जारिया गांव में शादी वाले दो घरों को निशाना बना लिया। बदमाश दोनों मकानों से करीब 13 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बेटे-बेटी की नवंबर में शादी, घर में रखे थे आठ लाख के जेवर

नगला जारिया निवासी नारायण सिंह ने बताया कि उनके बेटे और बेटी की नवंबर में शादी होनी है। शादी की तैयारियों के लिए उन्होंने करीब आठ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बनवाकर घर में रखे थे। रात में किसी समय चोर मकान में घुसे और शादी के लिए तैयार कराए गए जेवर समेटकर फरार हो गए।

इसी रात चोरों ने नारायण सिंह के भतीजे बबलू के मकान को भी निशाना बनाया। बबलू के घर से झुमके, पैंडल और करीब आधा किलो वजन की कमर की कंडोनी समेत लगभग पांच लाख रुपये के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद चोरी किए गए।

रात ढाई बजे तक बाहर थे, घर लौटे तो टूटे मिले ताले

बबलू के मुताबिक उनके पड़ोस के प्लाट में मकान निर्माण की तैयारी चल रही है। रात करीब ढाई बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी आने के कारण परिवार के लोग प्लाट पर मौजूद थे। इसी दौरान चोर उनके चाचा नारायण सिंह के घर में घुस गए।

कुछ देर बाद जब परिवार के लोग घर पहुंचे तो मकान के गेट के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद घर में चोरी होने की जानकारी हुई। सुबह करीब पांच बजे डायल 112 पर सूचना दी गई। पीआरवी के साथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

एक के बाद एक वारदातों से ग्रामीणों में दहशत

अछनेरा क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। बुर्जा हनुमान मंदिर में चोरी के बाद अब एक ही रात में दो घरों में सेंध लगने से लोग पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

पुलिस बोली—साक्ष्य जुटाए जा रहे, जल्द होगी कार्रवाई

पुलिस ने दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण कर चोरी हुए सामान का विवरण दर्ज किया है। पीड़ितों से तहरीर देने को कहा गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चंदेल सिंह वर्मा ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। बदमाशों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages