भावना एस्टेट में सज रही जनकपुरी का डीएम मनीष बंसल ने लिया जायजा, रामलीला मैदान की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के निर्देश
रामलीला मैदान में सफाई, नाले की सफाई, रैंप और दर्शक दीर्घा की रंगाई-पुताई पर जोर, जनकपुरी में श्रद्धालुओं की सुविधाएं समय से पूरी कराने के निर्देश
आगरा। श्रीरामलीला महोत्सव, राम बारात और जनकपुरी को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने ऐतिहासिक रामलीला मैदान और सिकंदरा क्षेत्र के भावना एस्टेट में सजाई जा रही जनकपुरी का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और श्री रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
रामलीला मैदान के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चारदीवारी से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं, नाले की समुचित सफाई, रैंप की व्यवस्था और दर्शक दीर्घा की रंगाई-पुताई को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने पूरे मैदान में उच्चस्तरीय साफ-सफाई सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि रामलीला महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
डीएम ने कहा कि आयोजन स्थल पर साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे कराए जाएं। साथ ही आयोजन से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, जिससे किसी भी स्तर पर लापरवाही न रहे और सभी व्यवस्थाएं समय से तैयार हो सकें।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सिकंदरा क्षेत्र स्थित भावना एस्टेट पहुंचकर वहां सजाई जा रही जनकपुरी का निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर चल रही तैयारियों की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।
आगामी श्रीरामलीला महोत्सव, श्रीराम बारात और जनकपुरी को देखते हुए प्रशासन की ओर से संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर सुरक्षा, सफाई, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आयोजन स्थलों पर व्यवस्थाओं को सुचारु और व्यवस्थित बनाए रखने के साथ लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी मनोज कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राघवेंद्र वर्मा सहित श्री रामलीला कमेटी और जनकपुरी आयोजन समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।