आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कार सवार तीन की मौत, दो गंभीर घायल
दिल्ली से बलिया जा रहे थे पांच लोग, डौकी क्षेत्र में बाजिदपुर के पास बारिश के बीच अनियंत्रित होकर पलटी क्रेटा
आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा डौकी थाना क्षेत्र में बाजिदपुर के पास हुआ। पांचों लोग दिल्ली से कार में सवार होकर बलिया जा रहे थे।
बताया गया है कि शनिवार सुबह दिल्ली नंबर की क्रेटा कार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। डौकी क्षेत्र में बाजिदपुर के पास अचानक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।
बारिश के बीच अनियंत्रित हुई कार
शनिवार सुबह से ही क्षेत्र में बारिश हो रही थी। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
मृतकों की पहचान जयप्रकाश, भूपेंद्र और कपिल के रूप में बताई गई है। वहीं चालक जसवंत और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना परिजनों को दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।