सेवा सेतु शिविरों में उमड़े ग्रामीण, पेंशन-राशन से आवास और स्वास्थ्य तक मिली योजनाओं की जानकारी
शमसाबाद में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने किया शिविर का शुभारंभ, 11 विभागों ने लगाए स्टॉल
आगरा। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु’ थीम पर मंगलवार को जनपद के विकासखंड शमसाबाद, खैरागढ़ और जगनेर में जनकल्याणकारी योजनाओं के शिविर आयोजित किए गए। शमसाबाद में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में ग्रामीणों को पेंशन, राशन कार्ड, आवास, स्वास्थ्य सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लोगों के आवेदन भी लिए गए।
शमसाबाद में शिविर का शुभारंभ करने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के संबंध में जानकारी ली और शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। खैरागढ़ और जगनेर में भी सेवा सेतु शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
शिविरों में राजस्व, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य एवं रसद, श्रम, कृषि, पशुपालन और शिक्षा विभाग की ओर से स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर पेंशन, राशन कार्ड, आवास, शौचालय, स्वास्थ्य जांच और दवाओं के वितरण सहित विभिन्न योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी अभिलेखों की जानकारी दी गई।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों के पात्रता संबंधी आवेदन प्राप्त किए गए और कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल जांच के साथ दवाओं का वितरण भी किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।
सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। साथ ही आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
गौरतलब है कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जनपदभर में विभिन्न जनकल्याणकारी और सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य शासन की विकास एवं जनकल्याणकारी पहलों को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाना और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है।