बरौली अहीर में बिजली चोरी की जांच, 47 उपभोक्ता कटिया और मीटर बाईपास करते मिले - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 24 सितंबर 2026

बरौली अहीर में बिजली चोरी की जांच, 47 उपभोक्ता कटिया और मीटर बाईपास करते मिले

बरौली अहीर में बिजली चोरी की जांच, 47 उपभोक्ता कटिया और मीटर बाईपास करते मिले

306 कनेक्शन की हुई जांच, विद्युत चोरी निरोधक थाने में धारा 135 के तहत एफआईआर की कार्रवाई

आगरा। बिजली चोरी रोकने और लाइन लॉस कम करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्युत विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बरौली अहीर गांव में सघन चेकिंग अभियान चलाया। बरौली-प्रथम विद्युत फीडर क्षेत्र में हुई मॉर्निंग रेड के दौरान कुल 306 विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई। जांच में 47 उपभोक्ता बिजली चोरी करते पाए गए।

जिला प्रशासन के मुताबिक जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन और डिप्टी कलेक्टर (ताज सुरक्षा) संतोष शुक्ला के नेतृत्व में बिजली चोरी के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हाई लॉस फीडर के रूप में चयनित बरौली-प्रथम के अंतर्गत बरौली अहीर गांव में विद्युत विभाग की टीम ने घर-घर जाकर कनेक्शनों की जांच की।

जांच के दौरान 47 उपभोक्ताओं के मीटर बाईपास पाए गए। कुछ उपभोक्ताओं द्वारा अन्य माध्यमों से भी विद्युत चोरी किए जाने की पुष्टि हुई। विभाग की ओर से संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत विद्युत चोरी निरोधक थाना कमलानगर, आगरा में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही नियमानुसार जुर्माना लगाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि विद्युत चोरी से न केवल विभाग को राजस्व की क्षति होती है, बल्कि लाइन लॉस बढ़ने से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी प्रभावित होती है। अभियान का उद्देश्य विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ लाइन लॉस को कम करना है।

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली का उपयोग केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से और निर्धारित नियमों के अनुसार करें। विभाग ने स्पष्ट किया कि विद्युत चोरी के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

चेकिंग अभियान में विद्युत विभाग के अवर अभियंताओं और लाइन स्टाफ की टीमें मौजूद रहीं।

video

Pages