ब्रिक्स (BRICS) समूह के सहभागी देशों के मुख्य न्यायाधीशों सहित 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने ताजमहल एवं लालकिला का किया अवलोकन
आगरा:- भारत की अध्यक्षता में 4 से 6 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली में “ब्रिक्स चीफ जस्टिस फोरम” (BRICS Chief Justices’ Forum) का आयोजन किया गया। भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आयोजित इस वैश्विक न्यायिक सम्मेलन में ब्रिक्स एवं सहभागी देशों के मुख्य न्यायाधीशों तथा उच्चस्तरीय न्यायिक अधिकारियों ने सहभागिता की।
इसी क्रम में रूस, बोलीविया, मिस्र, दक्षिण अफ्रीका एवं इंडोनेशिया सहित सहभागी देशों के मुख्य न्यायाधीशों एवं उच्चस्तरीय न्यायिक अधिकारियों का 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आगरा पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में रूसी संघ के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश माननीय श्री इगोर क्रासनोव (Hon’ble Mr. Igor Krasnov), बोलीविया के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डॉ. रोमेर साउसेडो गोमेज़ तथा मिस्र के माननीय श्री बूलस फहमी इस्कंदर बूलस सहित अन्य गणमान्य न्यायिक अधिकारी शामिल रहे।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध ताजमहल एवं लालकिला का भ्रमण कर इन ऐतिहासिक एवं स्थापत्य कला की अद्वितीय धरोहरों का अवलोकन किया।
प्रशासन द्वारा किए गए आवश्यक प्रबंध
जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशानुसार तथा भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के क्रम में विदेशी अतिथियों एवं प्रतिनिधिमंडल के लिए सुरक्षा, प्रोटोकॉल, पायलट-एस्कॉर्ट, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।
जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि माननीय विदेशी अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रतिनिधिमंडल के आगमन एवं भ्रमण की व्यवस्थाओं को गरिमापूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराएं।