शिक्षक दिवस पर जिलाधिकारी आगरा ने किया शिक्षकों को सम्मानित
जनपद में सर्वाधिक उपस्थिति एवं नामांकन वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों का हुआ सम्मान
जब विद्यार्थी अपनी सफलता का श्रेय शिक्षक को दें, इससे बड़ी उपलब्धि और कुछ नहीं -जिलाधिकारी
आगरा:- शिक्षक दिवस के अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग, आगरा द्वारा संजय प्लेस, आगरा में जनपद के सर्वाधिक नामांकन एवं उपस्थिति वाले परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल जी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक रंगोली सजाई गई, जिसकी जिलाधिकारी ने सराहना की। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में जनपद के 100 शिक्षकों को जिलाधिकारी महोदय द्वारा पटका पहनाकर, प्रशस्ति चिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी महोदय ने समस्त शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विद्यालयों के वातावरण, सुविधाओं और कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय सकारात्मक बदलाव आया है। विद्यालयों में बेहतर संसाधन, तकनीक और सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस बदलाव में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि अब हमारा लक्ष्य इन उपलब्धियों को और आगे ले जाना तथा बेसिक शिक्षा को उत्कृष्टता के उस स्तर तक पहुंचाना है, जहां हमारे विद्यालय किसी भी अच्छे विद्यालय के सामने पूरी क्षमता और आत्मविश्वास के साथ खड़े हो सकें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है।
उन्होंने शिक्षकों से संवाद करते हुए कहा कि प्रत्येक शिक्षक अपने विद्यालय के बच्चों में छिपी प्रतिभा को पहचानें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक के लिए इससे बड़ी उपलब्धि और क्या हो सकती है कि उसके द्वारा मार्गदर्शित बच्चे जीवन में सफलता प्राप्त करें और आगे चलकर अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षक को दें।
उन्होंने कहा कि आगरा के विद्यालय और शिक्षक आने वाले समय में प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाएं, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। नवीन तकनीक, नवाचार और समर्पण के साथ शिक्षण कार्य को और प्रभावी बनाकर विद्यालयों को उत्कृष्ट विद्यालयों के रूप में स्थापित किया जा सकता है। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि जिला प्रशासन बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में प्रत्येक सकारात्मक पहल को पूरा सहयोग एवं प्रोत्साहन देगा।
कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने जनपद में बेसिक शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे सकारात्मक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिक्षकों की सेवाओं को सरल एवं सुगम बनाने के साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के रिनोवेशन तथा पीएम श्री विद्यालयों को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। विद्यालयों में फर्नीचर की आवश्यकता को भी चरणबद्ध रूप से पूरा किया जा रहा है। साथ ही, निपुण भारत अभियान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों एवं सकारात्मक प्रयासों की भी सराहना की गई। समारोह में सम्मानित शिक्षकों ने शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सहायक परियोजना अधिकारी लखनऊ संजय कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार, उमेश कुमार गौतम, जगत सिंह राजपूत, कुलदीप तिवारी, राजेश यादव, किरन यादव, रानी चाहर, मीना पुष्कर, लोकेंद्र मुदग़ल, सत्यपाल सिंह सहित समस्त विभागीय अधिकारीगण एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।
------------------------------