बरहन में कल सजेगा समाजवादी PDA कुशवाहा व सर्व समाज सम्मेलन, जुटेगा जनसैलाब
एत्मादपुर पालिका अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुशवाहा के नेतृत्व में रिद्धि-सिद्धि फार्म हाउस में दोपहर 12 बजे से होगा भव्य आयोजन
बरहन आगरा। क्षेत्रीय राजनीति और सामाजिक एकजुटता को नई धार देने के उद्देश्य से मंगलवार को बरहन स्थित विद्युत केंद्र के पास 'रिद्धि-सिद्धि फार्म हाउस' में विशाल 'समाजवादी PDA कुशवाहा समाज / सर्व समाज सम्मेलन' का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
इस भव्य सम्मेलन का संयोजन एवं नेतृत्व नगर पालिका परिषद एत्मादपुर के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुशवाहा द्वारा किया जा रहा है। सम्मेलन की तैयारियों और जनसंपर्क के सिलसिले में रविवार दोपहर नगर पालिका परिषद एत्मादपुर के अध्यक्ष डॉ. सुरेश कुशवाहा का बरहन, सराय जयराम, नगला गोकुल, आंवलखेड़ा और जमाल नगर भैंस समेत कई स्थानों पर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया।
इस दौरान उनका स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से राधेश्याम कुशवाहा, विनोद कुशवाहा, पवन कुशवाहा, कन्हैया लाल, किशोर कुशवाहा, राजेंद्र कुमार, श्रीकृष्ण दिवाकर, अशोक कुमार, सत्यदेव कुशवाहा और चंद्रपाल कुशवाहा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन से जुड़ी जानकारियों को साझा करते हुए डॉ. सुरेश कुशवाहा ने बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों (PDA) के सामाजिक सरोकारों, हक-अधिकारों और उनके सर्वांगीण विकास पर विचार-विमर्श करना है। इसके साथ ही वर्तमान परिदृश्य में सर्व समाज की भागीदारी और एकजुटता को मजबूत करने पर मंथन किया जाएगा।
डॉ. कुशवाहा ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों के साथ-साथ क्षेत्र के आम नागरिकों से मंगलवार दोपहर 12:00 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है। आयोजन स्थल पर मीडिया कवरेज और आगंतुकों की सुविधा के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।