नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, POCSO की धाराएं बढ़ीं
आगरा। थाना बमरौली कटारा पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में POCSO एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई हैं।
मामला 2 सितंबर का है। किशोरी के परिजनों ने थाना बमरौली कटारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटी सुबह स्कूल गई थी, लेकिन निर्धारित समय पर घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं।
रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बमरौली कटारा पुलिस ने नगला सबला चौराहा, ग्राम समोगर रोड के पास घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से मामले में संलिप्त आरोपी सौरभ पुत्र राजन सिंह, निवासी ग्राम समोगर, थाना बमरौली कटारा, कमिश्नरेट आगरा, को गिरफ्तार कर लिया।
थाना बमरौली कटारा प्रभारी दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को किशोरी की तलाश में लगाया गया था। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ को गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में POCSO एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।