पार्सल लोडिंग-अनलोडिंग की सुविधा के लिए संशोधन, अलग-अलग तिथियों से लागू होगी नई समय-सारणी
आगरा। रेल यात्रियों और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगरा मंडल ने ईदगाह आगरा जंक्शन (IDH) रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली ट्रेनों के समय में बदलाव करने का निर्णय लिया है। ट्रेनों के ठहराव समय में यह संशोधन मुख्य रूप से पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग को सुचारू बनाने के लिए किया जा रहा है। इससे व्यापारियों को पार्सल चढ़ाने और उतारने में सुविधा मिलेगी तथा पार्सल परिवहन की व्यवस्था अधिक व्यवस्थित हो सकेगी।
आगरा मंडल के अनुसार ईदगाह स्टेशन पर संचालित होने वाली 20 ट्रेनों के ठहराव समय में संशोधन किया जाएगा। इनमें ट्रेन संख्या 19037/38, 14853/54, 14863/64, 14865/66, 15055/56, 12195/96, 54355/56, 59813/18, 19817/18 और 55333/34 शामिल हैं। इन ट्रेनों के ठहराव समय में अलग-अलग तिथियों से बदलाव प्रभावी होगा।
संशोधित व्यवस्था के तहत कई ट्रेनों का ईदगाह स्टेशन पर ठहराव दो मिनट से बढ़ाकर पांच मिनट किया जाएगा। रेलवे का मानना है कि अतिरिक्त ठहराव समय मिलने से पार्सल की लोडिंग और अनलोडिंग के कार्य में आसानी होगी और यात्रियों एवं व्यापारियों को इसका लाभ मिलेगा।रेलवे मंडल की ओर से संशोधित ठहराव समय की अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन के संशोधित समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि स्टेशन पर पहुंचने और यात्रा की योजना बनाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।