स्कूटी चोरी का 24 घंटे में खुलासा, न्यू आगरा पुलिस ने आरोपी को दबोचा
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से पुलिस को मिली सफलता, चोरी की स्कूटी बरामद
आगरा। थाना न्यू आगरा पुलिस ने स्कूटी चोरी की घटना का महज 24 घंटे में सफल अनावरण करते हुए चोरी की स्कूटी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को खासपुर चौराहे के पास से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को वादिया ने थाना न्यू आगरा में सूचना दी थी कि उसने अपनी स्कूटी सुबह करीब आठ बजे मनोज ढाबे वाली गली में बर्फ की दुकान के पास खड़ी की थी और विद्यालय चली गई थी। शाम करीब पांच बजे वापस लौटने पर स्कूटी वहां से गायब मिली। काफी तलाश करने के बाद भी स्कूटी का कोई पता नहीं चला।
घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना न्यू आगरा में मुकदमा अपराध संख्या 401/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। स्कूटी चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी और वाहन की बरामदगी के प्रयास शुरू किए गए।
गठित पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास और विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई। इसी दौरान 10 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिवम नामक आरोपी को खासपुर चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद कर ली।
थाना न्यू आगरा पुलिस की इस कार्रवाई से स्कूटी चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा हुआ और चोरी गया वाहन भी बरामद कर लिया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।