टोल प्लाजा पर पहुंचकर डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने परखी व्यवस्था, Meet & Greet अभियान में यात्रियों से संवाद पर जोर
रायभा, कोरई और जाजऊ टोल प्लाजा पर तैनात पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश, यात्रियों की समस्याएं गंभीरता से सुनने की हिदायत
आगरा। यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सफर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगरा यातायात पुलिस द्वारा संचालित ‘Meet & Greet’ अभियान के तहत यातायात पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने रायभा टोल प्लाजा, कोरई टोल प्लाजा एवं जाजऊ टोल प्लाजा का भ्रमण कर अभियान में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की।
डीसीपी ट्रैफिक ने अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों को यात्रियों से बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर सफर करने वाले यात्रियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना जाए तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
ब्रीफिंग के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन के साथ पुलिस के व्यवहार को सहज एवं सहयोगात्मक रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि अभियान के दौरान यात्रियों के साथ संवाद कायम करते हुए उन्हें सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया जाए।
यातायात पुलिस का उद्देश्य ‘Meet & Greet’ अभियान के माध्यम से यात्रियों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करना है, ताकि आगरा से होकर गुजरने वाले लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा का अनुभव मिल सके।
यातायात पुलिस की ओर से लोगों से अपील की गई कि सड़क पर यातायात नियमों का पालन करें और अपनी तथा अन्य यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।