मतदान केंद्रों का भ्रमण करते रहे अधिकारी, डीएम मनीष बंसल ने कलेक्ट्रेट, जीआईसी और रत्न मुनि जैन इंटर कॉलेज का किया निरीक्षण
आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई। सुबह आठ बजे से शुरू हुआ मतदान शाम तक चला। प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, आगरा में स्नातक निर्वाचन के लिए 45.95 प्रतिशत, जबकि शिक्षक निर्वाचन के लिए 56.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान के दौरान जिले के विभिन्न केंद्रों पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने मतदान प्रक्रिया के दौरान कलेक्ट्रेट, राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) और रत्न मुनि जैन इंटर कॉलेज सहित विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मतदाताओं से संवाद भी किया और उन्हें अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान के महत्व पर जोर दिया। पूरे मतदान के दौरान अधिकारी केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के लिए हुए मतदान के बाद अब प्रत्याशियों के साथ-साथ समर्थकों की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं। निर्वाचन के परिणाम से विधान परिषद में प्रतिनिधित्व को लेकर तस्वीर स्पष्ट होगी।