आगरा में नाइट ड्यूटी से लौट रहे युवक से लूट, एकता पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 24 अक्टूबर 2026

आगरा में नाइट ड्यूटी से लौट रहे युवक से लूट, एकता पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

आगरा में नाइट ड्यूटी से लौट रहे युवक से लूट, एकता पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

नहर के पास बाइक सवार बदमाशों ने छीनी थी मोटरसाइकिल, मोबाइल और कान की बाली; लूट का सामान बेचकर बांटने की थी योजना, राहुल उर्फ टिन्नी फरार

आगरा। रातभर ड्यूटी करने के बाद सुबह घर लौट रहे युवक को रास्ते में रोककर लूटपाट करने वाले आरोपियों के खिलाफ थाना एकता पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 810 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। मामले में राहुल उर्फ टिन्नी नाम का आरोपी अभी वांछित है।जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर की सुबह करीब तीन बजे एक युवक नाइट ड्यूटी करके मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान पट्टी पचगाई-रोहता नहर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बदमाश युवक की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और कान की बाली छीनकर ले गए। विरोध करने पर उसे मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ने 19 अक्टूबर को थाना एकता पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए शुक्रवार को बगदा अंडरपास के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम कुमार पुत्र दरब सिंह निवासी नगला माकरोल, ग्वालियर रोड, थाना मलपुरा, आगरा; अनुज कुमार आजाद पुत्र सोमनाथ आजाद निवासी नैनाना जाट, सेवला, थाना सदर, आगरा और मनीष कुमार पुत्र प्रकाश सिंह निवासी नैनाना जाट, सेवला, थाना सदर, आगरा के रूप में हुई है।

लूट का सामान बेचकर बांटने की थी योजना

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने साथी राहुल उर्फ टिन्नी के साथ मिलकर रात में एक व्यक्ति को रोककर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और कान की बाली लूटी थी। आरोप है कि राहुल उर्फ टिन्नी लूटी गई मोटरसाइकिल अपने साथियों को देकर मोबाइल फोन और कान की बाली अपने पास रखकर चला गया था। उसने सामान बेचकर रकम आपस में बांटने की बात कही थी।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक लूटी गई मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 810 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में वांछित राहुल उर्फ टिन्नी की तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

video

Pages