जनकपुरी में अचानक बिगड़ी 48 वर्षीय व्यक्ति की तबीयत, हेल्प आगरा की एंबुलेंस बनी जीवनरक्षक
अटैक और पैरालिसिस के लक्षण दिखते ही वॉलंटियर ने दिखाई तत्परता, समय पर एसएन अस्पताल पहुंचने से मिला उपचार; बिछड़ी बच्ची को माता-पिता से भी मिलाया
आगरा। जनकपुरी महोत्सव में जहां श्रद्धालु और शहरवासी भगवान श्रीराम की बारात और भव्य आयोजन का आनंद ले रहे हैं, वहीं किसी भी आपात स्थिति में लोगों की मदद के लिए हेल्प आगरा की टीम पूरी तत्परता के साथ सेवा में जुटी हुई है। जनकपुरी महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को रामबाग निवासी करीब 48 वर्षीय व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ गई। अटैक के साथ पैरालिसिस जैसे लक्षण दिखाई देने पर मौके पर मौजूद हेल्प आगरा के वॉलंटियर पवन ने गर्भ संस्कार के ललित के सहयोग से बिना समय गंवाए मरीज को संस्था की एंबुलेंस से एसएन अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने मरीज का तत्काल उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद महत्वपूर्ण रहा। चिकित्सकों ने बताया कि यदि मरीज को करीब 15 मिनट और देर से अस्पताल लाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। हेल्प आगरा की एंबुलेंस में ऑक्सीजन की व्यवस्था भी उपलब्ध थी, जिससे मरीज को अस्पताल पहुंचने तक आवश्यक सहायता मिल सकी।
मौके पर नर्स या मेडिकल स्टाफ उपलब्ध नहीं होने के बावजूद हेल्प आगरा की टीम ने सूझबूझ और तत्परता के साथ स्थिति को संभाला और मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समय पर मिली मदद ने एक बार फिर आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता के महत्व को सामने ला दिया।
बच्चे की चोट पर ड्रेसिंग, जरूरतमंदों को बैंडेज
जनकपुरी महोत्सव के दौरान हेल्प आगरा की सेवा केवल गंभीर मरीजों तक ही सीमित नहीं रही। एक छोटे बच्चे के पैर में चोट लगने पर टीम ने तत्काल उसकी ड्रेसिंग की। इसके अलावा दो-तीन अन्य जरूरतमंद लोगों को आवश्यक बैंडेज उपलब्ध कराए गए।
इसी दौरान करीब 10 वर्ष की एक बच्ची अपने माता-पिता से बिछड़ गई। हेल्प आगरा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को सुरक्षित रखा और उसे उसके माता-पिता तक पहुंचाने में सहायता की। बच्ची के परिजनों से मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
जनकपुरी में सेवा केंद्र के साथ तैनात है हेल्प आगरा की टीम
हेल्प आगरा के महासचिव गौतम सेठ ने बताया कि संस्था का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में पीड़ित व्यक्ति को तत्काल सहायता उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य के तहत जनकपुरी महोत्सव के दौरान संस्था की एंबुलेंस के साथ सेवा केंद्र स्थापित किया गया है, जहां टीम लगातार लोगों की सहायता में जुटी हुई है।
जनकपुरी जैसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में हजारों की संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच हेल्प आगरा की टीम द्वारा चिकित्सा सहायता, प्राथमिक उपचार और जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार सक्रिय रहना आयोजन में मानवीय सेवा का महत्वपूर्ण पक्ष बनकर सामने आया है।