नवरात्रि से पहले एफएसडीए का शिकंजा, कुट्टू के आटे से लेकर घी-तेल तक के नमूने लिए
आगरा में खाद्य प्रतिष्ठानों पर विशेष अभियान, 38 पैकेट कुट्टू का आटा और 100 लीटर सरसों का तेल जब्त; 13 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे
आगरा। शारदीय नवरात्रि से पहले व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने शुक्रवार को विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान चलाया। टीम ने शहर और देहात क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, मूंगफली दाना, देशी घी और सरसों के तेल समेत कुल 13 खाद्य नमूने संग्रहित किए। कार्रवाई के दौरान 38 पैकेट कुट्टू का आटा और 100 लीटर सरसों का तेल भी जब्त किया गया।
अभियान के तहत एफएसडीए की टीम ने अछनेरा स्थित मैसर्स जिंदल ट्रेडर्स से कुट्टू के आटे का नमूना लिया। यहां 38 पैकेट कुट्टू का आटा, कुल 7.600 किलोग्राम, अनुमानित कीमत 950 रुपये, जब्त किया गया।
बुंदू कटरा स्थित मैसर्स प्रीत किराना स्टोर से मूंगफली दाना का नमूना लिया गया, जबकि इसी क्षेत्र के मैसर्स जय शिव शंकर ट्रेडर्स से साबुत कुट्टू का नमूना संग्रहित किया गया।
नुनिहाई रोड स्थित मैसर्स द्वारिकाधीश फूड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड से घी के तीन नमूने लिए गए। वहीं केके नगर, सिकंदरा स्थित मैसर्स जेप्टो लिमिटेड से आनंदा और मिल्कफूड ब्रांड के देसी घी के दो विधिक नमूने संग्रहित किए गए।
कृष्णा नगर स्थित मैसर्स बंसल गृह उद्योग से कुट्टू गिरी और सिंघाड़े के आटे के दो नमूने लिए गए। इसके अलावा बलदेव गंज, लोहामंडी स्थित मैसर्स गोपालदास ऑयल स्टोर से कृष्णा ब्रांड घी, माधव ब्रांड घी और सरसों के तेल के तीन नमूने संग्रहित किए गए।
इसी प्रतिष्ठान से 100 लीटर सरसों का तेल भी जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 180 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से करीब 18 हजार रुपये बताई गई है।
एफएसडीए अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान संग्रहित सभी खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
व्रत के खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष नजर
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में लोग कुट्टू, सिंघाड़े, घी, मूंगफली और अन्य व्रत सामग्री का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में एफएसडीए ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, खाद्य पदार्थों को स्वच्छ एवं सुरक्षित तरीके से रखने और उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की है।
विभाग ने आमजन से भी व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबल और सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि नवरात्रि और अन्य व्रत-त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान जारी रहेगा।