टीबी मरीजों को बांटी गई पोषण पोटली, 50 मरीजों को मिला सहयोग - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026

टीबी मरीजों को बांटी गई पोषण पोटली, 50 मरीजों को मिला सहयोग

टीबी मरीजों को बांटी गई पोषण पोटली, 50 मरीजों को मिला सहयोग

आगरा:- राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आगरा में टीबी मरीजों को पोषण एवं भावनात्मक सहयोग देने के उद्देश्य से पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यूएनएम फाउंडेशन (टॉरेंट ग्रुप) आगरा के सहयोग से 50 टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के दौरान पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ना और मरीजों के प्रति सहयोग एवं संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना रहा।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने कहा कि टीबी का उपचार पूरी तरह संभव है। मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने के साथ पौष्टिक आहार तथा परिवार और समाज के सहयोग की भी आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि टीबी के खिलाफ लड़ाई केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सक्षम लोग आगे आकर नि:क्षय मित्र बनें और टीबी मरीजों को पोषण व मानसिक सहयोग प्रदान करें।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि जनपद में टीबी उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। मरीजों को समय पर जांच, निःशुल्क उपचार, नियमित दवा, पोषण और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से नि:क्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों के उपचार में सहयोग करने की अपील की।

उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. शशिकांत राहुल ने आमजन से अपील की कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना या भूख कम लगने जैसे लक्षण दिखाई दें तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच जरूर कराएं। उन्होंने कहा कि टीबी की पहचान और उपचार में देरी न करें तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार का पूरा कोर्स करें।

video

Pages