आगरा:- जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को सूरसदन सभागार में आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूह की 300 महिलाओं, 100 आपदा मित्रों और 100 स्टेकहोल्डर्स समेत कुल 500 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण लिया।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और आपदा के दौरान बरती जाने वाली जरूरी सतर्कता के बारे में जानकारी दी।
जिला मिशन प्रबंधक रवि शंकर औदीच्य और आपदा विशेषज्ञ शिवम कुमार मिश्रा ने बाढ़, भूकंप, आग और वज्रपात जैसी विभिन्न आपदाओं के दौरान स्वयं को सुरक्षित रखने के उपाय बताए। साथ ही प्रतिभागियों को समुदाय के अन्य लोगों को आपदा के प्रति जागरूक करने और आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से सहयोग करने का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षकों ने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना चाहिए। स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग कर स्वयं के साथ समुदाय को भी सुरक्षित रखा जा सकता है। उन्होंने आपदा प्रबंधन में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला।कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय स्तर पर आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, लोगों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करने और आपदा जोखिम को कम करना रहा।