आगरा में गांजा तस्करी पर रकाबगंज पुलिस की कार्रवाई, 5.115 किलो गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार
ईदगाह रेलवे कॉलोनी में मंदिर के पास संदिग्ध हालत में मिला आरोपी, बरामद गांजे की कीमत करीब 2.5 लाख रुपये
आगरा। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रकाबगंज पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 115 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, रात में गश्त के दौरान ईदगाह रेलवे कॉलोनी में मंदिर के पास रेलवे स्टेशन के पीछे एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान ईश्वर सालंकी निवासी ओडिशा के रूप में हुई।
कार्रवाई के दौरान सहायक पुलिस आयुक्त सदर की मौजूदगी में तलाशी ली गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। रकाबगंज पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।