आगरा। डॉ. आकाश अग्रवाल की जीत पर समाजवादी पार्टी के नेता शब्बीर अब्बास ने खुशी जताते हुए इसे समाजवादी साथियों की मेहनत और एकजुटता की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत उनके लिए बेहद भावुक और गर्व का पल है। चुनाव अभियान के दौरान समाजवादी साथियों ने दिन-रात मेहनत करते हुए हर चुनौती का सामना किया और पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए पूरी ताकत से जुटे रहे।
शब्बीर अब्बास ने कहा कि कार्यकर्ताओं के चेहरों पर खुशी, ढोल-नगाड़ों की गूंज और साथियों का स्नेह देखकर उन्हें महसूस हुआ कि सभी की मेहनत सफल हुई है। उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी कार्यकर्ताओं का विश्वास, सम्मान और प्यार है।उन्होंने इस जीत के लिए पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों, विधानसभा अध्यक्षों, पार्षदों और जमीनी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि सभी ने कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल डॉ. आकाश अग्रवाल की नहीं, बल्कि उन सभी समाजवादी साथियों की है, जिन्होंने अभियान में अपना समय, मेहनत और पसीना लगाया।
शब्बीर अब्बास ने कहा कि अब संगठन को आगरा महानगर में बूथ स्तर तक मजबूत करने और प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर आगे बढ़ने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान, उनके हक और समाजवादी पार्टी की मजबूती के लिए वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।उन्होंने कहा कि आज का जश्न मंजिल नहीं, बल्कि 2027 की बड़ी राजनीतिक लड़ाई की शुरुआत है। इस मौके पर उन्होंने समाजवादी एकता और पार्टी नेतृत्व के प्रति विश्वास जताते हुए 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के संकल्प की बात कही।