खतरनाक स्टंटबाजी पर आगरा पुलिस का शिकंजा, 8 स्टंटबाज गिरफ्तार—9 वाहन सीज
शहर की सड़कों पर जान जोखिम में डालकर स्टंट करने वालों के खिलाफ चला विशेष अभियान, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने की सख्त कार्रवाई
आगरा। शहर की सड़कों पर बाइक और अन्य वाहनों से खतरनाक स्टंट कर खुद के साथ-साथ राहगीरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट आगरा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त नगर के नेतृत्व में नगर जोन के थाना क्षेत्रों में स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क पर लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर स्टंट करने वाले 8 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की गई। वहीं, स्टंटबाजी में इस्तेमाल किए जा रहे 9 वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज किया गया।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर की सड़कों पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखना और ऐसे लोगों पर अंकुश लगाना है, जो सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने या रोमांच के चक्कर में सार्वजनिक मार्गों पर खतरनाक स्टंट करते हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क किसी भी तरह की स्टंटबाजी या लापरवाही का स्थान नहीं है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के तहत नगर जोन के थाना शाहगंज, जगदीशपुरा, एत्माद्दौला, लोहामंडी, ट्रांस यमुना, रकाबगंज और कमला नगर क्षेत्र में पुलिस टीमों द्वारा कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से सड़क पर खतरनाक स्टंट करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
आगरा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। खतरनाक स्टंटबाजी करते पाए जाने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।