मारपीट में मौत के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, खेरागढ़ पुलिस ने डंडा किया बरामद
मृतक के सिर पर डंडे से वार करने का पुलिस के सामने किया खुलासा, निशानदेही पर खेत किनारे से बरामद हुआ खून से सना लकड़ी का डंडा
आगरा। थाना खेरागढ़ क्षेत्र के गांव गढ़ी करणा में मारपीट के दौरान हुई व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी दीपेश सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सना लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक 11 जनवरी 2026 को शिकायत प्राप्त हुई थी कि दीपेश सिंह, राजेश और देवी सिंह ने वादी के पिता के साथ मारपीट की थी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए आगरा स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना खेरागढ़ पर मुकदमा संख्या 219/2026 दर्ज किया गया था।
घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। इसी क्रम में 13 अक्टूबर को पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने सालेहनगर स्थित शराब के ठेके के पास से दीपेश सिंह निवासी गढ़ी करणा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि मारपीट के दौरान उसने मृतक के सिर पर लकड़ी के डंडे से वार किया था। इसके बाद उसने डंडे को खेत के किनारे फेंक दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से खून से सना लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी खेरागढ़ हरीश कुमार शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास जारी हैं।