हार-जीत की बाजी लगा रहे चार जुआरी दबोचे, 8,720 रुपये और 52 ताश के पत्ते बरामद
मसानी मंदिर के पास दुकान के बाहर चल रहा था जुए का खेल, न्यू आगरा पुलिस ने की कार्रवाई
आगरा। थाना न्यू आगरा पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हार-जीत की बाजी लगा रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8,720 रुपये की नकदी और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। चारों के खिलाफ थाना न्यू आगरा में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मसानी मंदिर के पास महावीर सिंह की दुकान के बाहर कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंची।
पुलिस को देखकर वहां जुआ खेल रहे लोगों में खलबली मच गई। टीम ने घेराबंदी कर मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी और मौके की कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से 8,720 रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बरामदगी के आधार पर थाना न्यू आगरा में मु0अ0सं0 398/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम एवं धारा 112 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।