युवती को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, मौत के बाद शव यमुना में फेंका - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026

युवती को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, मौत के बाद शव यमुना में फेंका

युवती को बहला-फुसलाकर ले गया युवक, मौत के बाद शव यमुना में फेंका

मदन मोहन गेट पुलिस ने आरोपी शिवजीत को दबोचा, इटावा के बढ़पुरा क्षेत्र में यमुना से बरामद हुआ युवती का शव

आगरा। थाना मदन मोहन गेट क्षेत्र से युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और बाद में उसकी मौत के बाद शव को यमुना नदी में फेंकने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने घटना में संलिप्त आरोपी शिवजीत पुत्र जयराम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से टाटा पंच कार भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने युवती के साथ प्रेम संबंध होने तथा विवाद के बाद उसकी मौत होने की बात बताई है। इसके बाद खुद को कानूनी कार्रवाई से बचाने के लिए उसने शव को यमुना नदी में फेंक दिया।

मामले की शुरुआत तब हुई जब युवती के परिजनों ने थाना मदन मोहन गेट पुलिस को सूचना दी कि गांव का ही रहने वाला शिवजीत उनकी बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 45/2026 धारा 87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया और युवती की तलाश के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की।

पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान 5 और 6 अक्टूबर की मध्यरात्रि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिचौला रोड के किनारे से शिवजीत को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से टाटा पंच कार बरामद हुई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि युवती से उसके करीब दो वर्ष से प्रेम संबंध थे। 24 सितंबर 2026 को वह युवती को आगरा से अपने साथ फतेहाबाद स्थित किराये के मकान पर ले गया था। पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर को पत्नी को तलाक देने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान युवती ने कमरे में लगे पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।

आरोपी के अनुसार, युवती की मौत के बाद उसे डर था कि उस पर हत्या का आरोप लग सकता है। इसके बाद उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और 30 सितंबर की रात युवती के शव को थाना चित्राहाट क्षेत्र में कचौरा घाट के पुल से यमुना नदी में फेंक दिया।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने शव की तलाश के लिए थाना चित्राहाट, कमिश्नरेट आगरा के साथ-साथ इटावा जिले की पुलिस को भी सूचना दी। यमुना नदी के किनारे पड़ने वाले थाना बलरई, सिविल लाइन और बढ़पुरा पुलिस को भी शव के संबंध में अलर्ट किया गया।

6 अक्टूबर को थाना बढ़पुरा क्षेत्र के अंतर्गत यमुना नदी से युवती का शव बरामद हो गया। बढ़पुरा थाना पुलिस द्वारा शव के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मदन मोहन गेट पुलिस ने आरोपी शिवजीत को युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने, आत्महत्या के लिए उकसाने तथा शव को छिपाने के उद्देश्य से नदी में बहाने के आरोप में गिरफ्तार कर 6 अक्टूबर को न्यायालय के समक्ष पेश किया।

video

Pages