घर में अकेली मिली दिव्यांग महिला की लाश, गले में बंधा था अंगोछा; कुंडल-पाजेब भी गायब
फतेहपुर सीकरी के पतसाल गांव में घटना से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
आगरा। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के गांव पतसाल में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब घर में अकेली रह रही एक दिव्यांग महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। महिला के गले में अंगोछा बंधा था और शरीर पर चोट के निशान बताए गए हैं। वहीं, उसके कानों से कुंडल और पैरों से पाजेब गायब मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
मृतका की पहचान मुन्नी देवी के रूप में हुई है। बताया गया है कि करीब पांच वर्ष पहले उसके पति की मृत्यु हो चुकी थी। उनकी कोई संतान भी नहीं थी, जिसके चलते वह गांव स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। वह कभी-कभी अपने मायके भरतपुर भी चली जाती थीं।
पड़ोसियों के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले ही मुन्नी देवी मायके से वापस गांव स्थित अपने घर लौटी थीं। शनिवार को वह रोजाना की तरह पड़ोस में दूध लेने नहीं पहुंचीं। इस पर पड़ोसी उन्हें दूध देने के लिए उनके घर पहुंचे। काफी आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने अंदर जाकर देखा। कमरे में मुन्नी देवी मृत अवस्था में पड़ी थीं।
महिला के गले में अंगोछा बंधा हुआ था और शरीर पर निशान भी मिले। इसके अलावा कानों में पहने जाने वाले कुंडल और पैरों की पाजेब गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
परिजनों ने महिला की मौत को सामान्य नहीं मानते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, महिला की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले की सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।