डीजल टैंकर में घुसा गार्डर से लदा ट्रोला, सड़क पर बहा डीजल तो बाल्टी लेकर दौड़े लोग - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 4 अक्टूबर 2026

डीजल टैंकर में घुसा गार्डर से लदा ट्रोला, सड़क पर बहा डीजल तो बाल्टी लेकर दौड़े लोग

डीजल टैंकर में घुसा गार्डर से लदा ट्रोला, सड़क पर बहा डीजल तो बाल्टी लेकर दौड़े लोग

एत्मादपुर में हादसे के बाद सड़क पर फैला डीजल, लोग बाल्टियों में भरकर ले जाते दिखे; सुबह खंदौली में भी हुआ था भीषण हादसा

आगरा। शनिवार को आगरा में हादसों का सिलसिला देखने को मिला। सुबह खंदौली में कंटेनर और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत में चालक और परिचालक की जिंदा जलकर मौत के बाद करीब दो घंटे बाद एत्मादपुर क्षेत्र में एक और हादसा हो गया। यहां डीजल से भरे टैंकर में लोहे के गार्डर से लदे ट्रोला ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टैंकर से डीजल सड़क पर फैलने लगा। देखते ही देखते सड़क पर डीजल बहने लगा तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बाल्टियों में डीजल भरकर ले जाने लगे।

जानकारी के अनुसार, डीजल से भरा टैंकर आगरा की ओर से फिरोजाबाद की तरफ जा रहा था। इसी दौरान एत्मादपुर क्षेत्र में फिरोजाबाद की ओर से आ रहे लोहे के गार्डरों से लदे ट्रोला की टैंकर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रोला पर लदा लोहे का गार्डर टैंकर से जा टकराया और टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया।

टैंकर से डीजल का रिसाव शुरू होते ही कुछ ही देर में सड़क पर डीजल फैल गया। सड़क पर बड़ी मात्रा में डीजल फैला देखकर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ लोग अपने साथ बाल्टियां और दूसरे बर्तन लेकर पहुंचे और सड़क पर बह रहे डीजल को भरकर ले जाने लगे। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और संबंधित विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। सड़क पर फैले डीजल के कारण किसी अन्य हादसे की आशंका को देखते हुए मौके पर सुरक्षा व्यवस्था की गई। हादसे में किसी के घायल होने की तत्काल जानकारी नहीं मिली है।

सुबह खंदौली में दो लोगों की गई थी जान

इससे पहले शनिवार सुबह करीब छह बजे खंदौली क्षेत्र में कंटेनर और डंपर की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हुई थी। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई थी। हादसे में चालक और परिचालक की जिंदा जलने से मौत हो गई थी। एक ही दिन में आगरा में हुए इन दो सड़क हादसों ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

video

Pages