आगरा में सनसनीखेज वारदात: बीच सड़क युवती को गोली मारकर युवक ने खुद को भी मारी गोली - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026

आगरा में सनसनीखेज वारदात: बीच सड़क युवती को गोली मारकर युवक ने खुद को भी मारी गोली

आगरा में सनसनीखेज वारदात: बीच सड़क युवती को गोली मारकर युवक ने खुद को भी मारी गोली

रोहता क्षेत्र में वारदात से मचा हड़कंप, युवक की मौत; युवती गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

आगरा। थाना सदर के रोहता क्षेत्र में सोमवार को सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। यहां एक युवक ने बीच सड़क युवती को गोली मार दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी और एडीसीपी समेत भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कराते हुए जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

युवती से मिलने आया था युवक

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान अरुण कुमार, निवासी इटौरा, मलपुरा के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह सैंया टोल पर काम करता था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती अपने एक सहेली के साथ एक कॉलोनी में आई थी। इसी दौरान अरुण भी वहां पहुंच गया।

कुछ देर बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने युवती को गोली मार दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। गोली लगने से अरुण की मौके पर ही मौत हो गई।

फौजी की बेटी बताई जा रही युवती

गोली लगने से घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार सैनिक अस्पताल में चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवती एक सैन्यकर्मी की बेटी है।

संबंधों की भी जांच कर रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस अब युवक और युवती के बीच संबंधों तथा वारदात के पीछे की वजह की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के बीच पहले से क्या परिचय था और घटना से पहले उनके बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था।

मौके से मिले साक्ष्यों को फोरेंसिक टीम ने सुरक्षित किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट की जाएगी।

video

Pages