बटेश्वर रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प, डी से बी श्रेणी में होगा अपग्रेड - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 8 अक्टूबर 2026

बटेश्वर रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प, डी से बी श्रेणी में होगा अपग्रेड

बटेश्वर रेलवे स्टेशन का होगा कायाकल्प, डी से बी श्रेणी में होगा अपग्रेड

सांसद राजकुमार चाहर ने परखी विकास कार्यों की रफ्तार, 33.45 करोड़ की लागत से मिलेंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं

आगरा। धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बटेश्वर रेलवे स्टेशन अब नए स्वरूप में नजर आएगा। स्टेशन को डी श्रेणी से बी श्रेणी में विकसित करने के लिए करीब 33.45 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। शुक्रवार को सांसद राजकुमार चाहर ने बटेश्वर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और प्रस्तावित यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने स्टेशन परिसर में चल रहे विभिन्न कार्यों को देखा और रेलवे अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्टेशन मैप का अवलोकन कर प्रस्तावित विकास कार्यों की रूपरेखा भी समझी। अधिकारियों ने उन्हें निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।

स्टेशन को मिलेगा आधुनिक स्वरूप

बटेश्वर स्टेशन के विकास के तहत स्टेशन भवन और यात्री परिसरों को बेहतर बनाने के साथ प्लेटफॉर्म सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है। यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए जरूरी सिविल कार्य, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास और अन्य यात्री सुविधाएं भी परियोजना में शामिल हैं। स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन पर भी जोर दिया जा रहा है।

सांसद राजकुमार चाहर ने अधिकारियों से प्रत्येक कार्य की प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप और समयसीमा के भीतर पूरे कराए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता

सांसद ने कहा कि रेलवे स्टेशन का विकास केवल भवन और प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं होना चाहिए। यात्रियों को स्टेशन परिसर में प्रवेश से लेकर ट्रेन में सवार होने तक बेहतर, सुरक्षित और सुगम सुविधाएं मिलना जरूरी है। उन्होंने यात्री हित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

बटेश्वर धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यहां वर्षभर श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन रहता है। ऐसे में रेलवे स्टेशन के आधुनिक स्वरूप में विकसित होने से बटेश्वर आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। स्टेशन के उन्नयन से क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन और स्थानीय गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों ने दी कार्यों की जानकारी

निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने सांसद को स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। सांसद ने नियमित निगरानी, निर्माण की गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान उप मुख्य अभियंता/कंस्ट्रक्शन मुकेश कुमार मीणा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता अनिल पटेल, वरिष्ठ मंडल अभियंता (कोऑर्डिनेशन) शैलेश कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (जनरल) बीएस चौहान, मंडल अभियंता तृतीय अनादी मित्तल और जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम समेत रेलवे के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा सुग्रीव चौहान, कप्तान सिंह वर्मा, कृष्णपाल सिंह, नितिन वर्मा, मुन्ना लम्बरदार, सतेंद्र बरुआ, रविंद्र बघेल, एसीपी जितेंद्र कुमार, तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ, बीडीओ नीरज तिवारी, शिवकुमार शर्मा, अनुज शर्मा, सोनू सैंथिया, सतेंद्र यादव और ब्रजेश शास्त्री सहित संबंधित अधिकारी एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

video

Pages