दिव्यांग एथलीट बॉबी यादव की ऐतिहासिक जीत पर उमड़ा जनसैलाब, भव्य तिरंगा यात्रा से गूंजा आंवलखेड़ा
जनपद आगरा। आंवलखेड़ा क्षेत्र के छोटे से गांव नगला अमर सिंह बरहन के दिव्यांग एथलीट बॉबी यादव ने अपनी शारीरिक सीमाओं को लांघकर खेल की दुनिया में जो मुकाम हासिल किया है, उससे पूरा इलाका गर्व से सराबोर है। गत नौ सितंबर को आजमगढ़ के रानी की सराय में आयोजित प्रतिष्ठित हाइरॉक्स प्रतियोगिता ‘अल्टीमेट फिटनेस इंडिया’ में बॉबी यादव ने अपने कड़े प्रतिद्वंद्वी राडा राय को शिकस्त देकर जीत की नई इबारत लिखी। इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाने के लिए बुधवार को क्षेत्रवासियों ने आंवलखेड़ा में एक विशाल और भव्य 'तिरंगा यात्रा' का आयोजन किया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मस्थली गायत्री शक्तिपीठ मंदिर आंवलखेड़ा से पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में हुआ। सैकड़ों की संख्या में हाथ में तिरंगा लिए लोग आगरा-जलेसर रोड, खांडा, जमाल नगर भैंस, अमानाबाद, सुजानपुर और जामपुर होते हुए शहीद स्मारक चमरोला पहुंचे। यात्रा का मुख्य पड़ाव शहीद स्मारक रहा, जहां बॉबी यादव और क्षेत्रवासियों ने देश के वीर शहीदों को नमन कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
यात्रा के पूरे मार्ग में ग्रामीणों और युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। रास्ते में हर चौराहे और गांव में लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। स्थानीय बुजुर्गों और जनप्रतिनिधियों ने बॉबी यादव को साफा पहनाकर और फूलमालाएं भेंट कर उनकी इस उपलब्धि पर आशीर्वाद दिया। ग्रामीणों का कहना था कि बॉबी की यह जीत हर उस युवा के लिए मिसाल है जो विपरीत परिस्थितियों में भी अपने सपनों को साकार करना चाहता है।
युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने और प्रतिभाओं का मान बढ़ाने के उद्देश्य से निकाली गई इस तिरंगा यात्रा में क्षेत्र के प्रमुख सामाजिक व राजनीतिक चेहरे शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बॉबी यादव प्रधान, हजारीलाल यादव (नेताजी), सपा नेत्री डॉ. ममता शर्मा, धर्मेंद्र यादव, बृजेश यादव प्रधान और देव यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बॉबी यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।