आगरा:-आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना फतेहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी तरफ जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और शव को पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया।
जानकारी के अनुसार हादसा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 26+800 के पास हुआ। कार संख्या HR 26 DA 8670 में चालक भास्कर पुत्र मनोरथ सिंह निवासी बिनोद नगर, दिल्ली और शैलेष पुत्र स्वर्गीय फगुनी महतो सवार थे। दोनों दिल्ली से बिहार जा रहे थे।
बताया गया कि देर रात सफर के दौरान चालक को नींद की झपकी आने और कार की गति तेज होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। कार मध्य डिवाइडर को तोड़ते हुए एक्सप्रेसवे की दूसरी लेन में जा पहुंची और पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में आगे बैठे शैलेष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक भास्कर घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही टोल-27 की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद भेजा गया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया।