ऑनलाइन गेम में 1.12 लाख रुपये हारा डिलीवरी बॉय, 95 हजार की लूट की रच डाली फर्जी कहानी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 25 अक्टूबर 2026

ऑनलाइन गेम में 1.12 लाख रुपये हारा डिलीवरी बॉय, 95 हजार की लूट की रच डाली फर्जी कहानी

ऑनलाइन गेम में 1.12 लाख रुपये हारा डिलीवरी बॉय, 95 हजार की लूट की रच डाली फर्जी कहानी

थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार और शाहदरा चौकी इंचार्ज हिमांशु सैनी की सक्रियता से चंद समय में खुला राज

आगरा:-ऑनलाइन गेम में 1.12 लाख रुपये गंवाने के बाद एक डिलीवरी बॉय ने कंपनी का कैश जमा करने से बचने के लिए खुद के साथ लूट की ऐसी फर्जी कहानी रच डाली कि पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी ने खुद को लूट का शिकार बताते हुए पुलिस को तहरीर दी और बदमाशों द्वारा 95 हजार रुपये व मोबाइल लूटे जाने की कहानी सुनाई। हालांकि थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की तो कुछ ही समय में पूरी कहानी का पर्दाफाश हो गया।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार को अंशुल नाम का युवक थाना ट्रांस यमुना पहुंचा और बताया कि वह अमेजन कंपनी में डिलीवरी बॉय है। उसने पुलिस को बताया कि गुरुवार रात सामान की डिलीवरी करने के बाद वह कंपनी कार्यालय में कैश जमा करने के लिए शाहदरा रोड से जा रहा था। टीआर गार्डन के पास पहुंचते ही एक्टिवा सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद उसके पास मौजूद 95 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की। शाहदरा चौकी इंचार्ज हिमांशु सैनी और पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस को युवक की कहानी पर शक हुआ। पुलिस ने जब कड़ियों को जोड़ते हुए गहराई से जांच की तो लूट की पूरी कहानी फर्जी निकली।

पुलिस के मुताबिक अंशुल ऑनलाइन गेम में करीब 1.12 लाख रुपये हार चुका था। इसके बाद कंपनी का कैश जमा करने से बचने के लिए उसने फर्जी लूट का षड्यंत्र रचा। पुलिस का कहना है कि उसने खुद को चोट पहुंचाई और कपड़े फाड़कर लूट का नाटक किया, ताकि पुलिस और कंपनी को घटना वास्तविक लगे।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसका मोबाइल और 5,610 रुपये नकद बरामद किए हैं। फर्जी लूट की कहानी का खुलासा होने के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।

थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार और शाहदरा चौकी इंचार्ज हिमांशु सैनी की सक्रियता के चलते मामले का चंद समय में खुलासा हो गया। थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार इससे पहले भी कई बड़ी घटनाओं के खुलासे में अहम भूमिका निभा चुके हैं। उनकी टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते इस मामले में भी पुलिस जल्द ही सच्चाई तक पहुंच गई।

video

Pages