यमुना के आंचल में सजी रंगोली, कारसेवा और दीपदान से गूंजा हाथी घाट - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 10 अक्टूबर 2026

यमुना के आंचल में सजी रंगोली, कारसेवा और दीपदान से गूंजा हाथी घाट

यमुना के आंचल में सजी रंगोली, कारसेवा और दीपदान से गूंजा हाथी घाट

यमुना जिए अभियान में उमड़ा जनसैलाब, छात्राओं ने प्रकृति-संस्कृति के रंगों से सजाया मां यमुना का आंचल

आगरा। यमुना संरक्षण और स्वच्छता के संकल्प के साथ हाथी घाट पर यमुना जिए अभियान का आयोजन किया गया। गुरु वशिष्ठ मानव सर्वांगीण विकास सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कारसेवा, दीपदान और यमुना महाआरती के माध्यम से लोगों ने मां यमुना के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में आगरा के साथ ही यमुना के उद्गम क्षेत्र से लेकर प्रयागराज तक नदी संरक्षण के लिए काम कर रहे विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम संयोजक एवं यमुना सत्याग्रही पं. अश्विनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में आयोजित अभियान में यमुना मित्र मंडलियों का विशेष सहयोग रहा। बैकुंठी देवी कन्या महाविद्यालय के निर्देशन में छात्राओं ने प्रकृति और संस्कृति के विभिन्न स्वरूपों का चित्रांकन किया। वहीं स्काउट्स के छात्र-छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से मां यमुना के आंचल को आकर्षक रंगों से सजाकर लोगों का ध्यान पर्यावरण और नदी संरक्षण की ओर खींचा।

अभियान में बड़ी संख्या में होमगार्ड जवानों, नगर निगम क्षेत्र के जेडएसओ आशुतोष वर्मा के नेतृत्व में स्वच्छता कर्मचारियों तथा शहर और बाहर से पहुंचे लोगों ने कारसेवा में भाग लिया। इसके बाद यमुना तट पर दीपदान और यमुना महाआरती का आयोजन हुआ। दीपों की रोशनी से यमुना का तट जगमगा उठा और श्रद्धालुओं ने मां यमुना की आरती कर नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में होमगार्ड पुलिस आगरा परिक्षेत्र के डिवीजनल कमांडेंट घनश्याम चतुर्वेदी और जिला कमांडेंट होमगार्ड राहुल कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा डॉ. सविता प्रसाद, डॉ. साधना सिंह एसोसिएट प्रोफेसर सहित विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और पर्यावरण संगठनों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में डॉ. धीरज मोहन सिंघल, डॉ. अरविंद मिश्रा, सुधीर पचौरी, मिथलेश सिंह, शिवनाथ शास्त्री, मान बहादुर सिंह, सोमदत्त शर्मा, एडवोकेट रवि कुमार अग्रवाल, वेद प्रकाश शर्मा, डॉ. अंशुल अग्रवाल, अनुपम धूमस, भारत भूषण मिश्र, पीके गुप्ता, गोवर्धन सोनेजा, राजेश सिंह, अनिल अग्रवाल, प्रमोद शर्मा, राम भरत उपाध्याय, रमन अग्रवाल, राजू अग्रवाल, राठी जी, अनुपम गुप्ता, रवि वर्मा, सोनू पंडित, अंजु शर्मा, अरुणा गौड़, सौम्या, खंडेलवाल सहित अनेक लोगों का सहयोग रहा।

यमुनोत्री से संगम तक नदी मित्र मंडलियों की भागीदारी

यमुना जिए अभियान की खास बात यह रही कि इसमें यमुनोत्री से लेकर प्रयागराज के संगम तक यमुना और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण के लिए काम कर रहीं विभिन्न नदी मित्र मंडलियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। देहरादून से यमुना स्वच्छता समिति के यशपाल ठाकुर, यमुनानगर से यमुना सेवा समिति के किरणपाल राणा, दिल्ली से यमुना जिए अभियान के भीम रावत, कोसी से दाऊजी यमुना जनकल्याण समिति के रामेश्वर, मथुरा से गुरु गर्गाचार्य समिति के रूपचंद शर्मा और नेम सिंह, आगरा से राधेश्याम बटेश्वर यमुना समिति, इटावा से पचनदी यमुना समिति के इंदरजीत परिहार, हमीरपुर से यमुना-बेतवा समिति के उदय भान तथा फतेहपुर से पंचदेव यमुना नदी मित्र समिति के जयकांत मौजूद रहे।

अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं बल्कि आगरा सहित पूरे ब्रज की आस्था, संस्कृति और जीवनधारा है। इसके संरक्षण के लिए सरकारी प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। हाथी घाट पर आयोजित कार्यक्रम ने लोगों को यमुना की स्वच्छता, अविरलता और निर्मलता के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया।

video

Pages