आगरा:-आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फतेहाबाद क्षेत्र में तीन ट्रकों की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेजा गया है।
हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 22.300 पर हुआ। बताया गया कि लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे तीन ट्रक एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बीच में चल रहे ट्रक संख्या एचआर 61 ई 4740 के चालक राजीव (29) पुत्र नरपाल निवासी ग्राम चडरा लालपुर, जिला सीतापुर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं आगे चल रहे ट्रक संख्या आरजे 05 जीबी 6287 के चालक राजेंद्र (24) निवासी भरतपुर, राजस्थान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उनके भाई एवं सहचालक रवि के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद पहुंचाया गया। पीछे चल रहे ट्रक संख्या आरजे 19 जीएल 1305 के चालक सोनाराम निवासी बाड़मेर, राजस्थान भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी एंबुलेंस की मदद से आगरा स्थित श्रीहरि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हाइड्रा मशीन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटवाया गया, जिससे यातायात को सुचारू रखा जा सका। हादसे के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम रही।