ईदगाह स्टेशन के पास मोबाइल छीनकर भागा था आरोपी, रकाबगंज पुलिस ने दबोचा,छीना गया मोबाइल बरामद, पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई
आगरा। थाना रकाबगंज क्षेत्र में रात के समय राहगीर से मोबाइल और पर्स छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीड़ित से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी की गिरफ्तारी ईदगाह रेलवे स्टेशन के पास से की गई।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित रात में काम से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान ईदगाह रेलवे स्टेशन के पास अज्ञात बदमाशों ने उसे रोक लिया और उसका मोबाइल फोन व पर्स छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना रकाबगंज पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 193/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया।
घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम संदिग्धों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान रात्रि में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ईदगाह रेलवे स्टेशन के पास दबिश देकर घटना में संलिप्त आरोपी सुमित दिलावर पुत्र संजय को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पीड़ित से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया। आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।