पक्षियों की आवाज में एक-दूसरे को देते थे चोरी का इशारा, आगरा पुलिस ने छह शातिर चोर दबोचे
अछनेरा, कागारौल और किरावली में कई घरों को बनाया निशाना, लाखों के जेवर और नकदी बरामद
आगरा। घरों की रेकी, सुनसान मकानों में चोरी और पुलिस से बचने के लिए पक्षियों की आवाज में एक-दूसरे को संकेत देने वाले छह शातिर चोरों को थाना कागारौल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया गिरोह आगरा के अछनेरा, कागारौल और किरावली क्षेत्र में कई चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और बिना नंबर प्लेट की कार बरामद की है।
कार से पहुंचते, खेतों और नहर के रास्ते गांव में घुसते
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले कार से घटनास्थल के आसपास पहुंचते थे। इसके बाद नहर, खेतों और सुनसान रास्तों का सहारा लेकर गांव में दाखिल होते थे। बंद मकान की तलाश के बाद पीछे की ओर से दीवार फांदकर घर में प्रवेश करते और कमरों, बक्सों तथा अलमारी के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस से बचने के लिए गिरोह के सदस्य आपस में सामान्य बातचीत करने के बजाय पक्षियों की आवाज निकालकर एक-दूसरे को संकेत देते थे। इससे आसपास मौजूद लोगों को उन पर शक न हो और चोरी के दौरान गिरोह के सदस्यों के बीच संपर्क भी बना रहे।
दो घरों में चोरी के बाद पुलिस ने बिछाया जाल
22 सितंबर की रात थाना कागारौल क्षेत्र में दो मकानों में चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से जांच आगे बढ़ाई। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में जुटी थी।
गुरुवार रात मुखबिर से मिली सूचना के बाद थाना कागारौल पुलिस ने साइबर सर्विलांस, काउंटर इंटेलिजेंस, एसओजी और सर्विलांस टीम के सहयोग से नगला परमाल से नहर किनारे शंकरगढ़ जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक गले का हार, चार अंगूठियां, एक गले की चेन, दो जोड़ी टॉप्स और दो जोड़ी कुंडल बरामद किए हैं। इसके अलावा चार जोड़ी पायल और आठ जोड़ी बिछुए भी बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार पीली धातु के जेवर और सफेद धातु के आभूषणों के साथ चोरी के नौ हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए। आरोपियों के पास से बिना नंबर प्लेट की महिंद्रा टीयूवी-300 कार भी मिली है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मीर हसन पुत्र सरूर अहमद निवासी इस्लामनगर, थाना मदनापुर, शाहजहांपुर, हुसैन खान पुत्र हातिम खान निवासी गड़िया पैगम्बरपुर, थाना हजरतपुर, बदायूं, सरमीन पुत्र हामिद निवासी लोहागढ़ी, थाना गड़िया रंगीन, शाहजहांपुर, अंकित जाटव पुत्र धर्मेंद्र निवासी मिलकरौंधी, थाना सुभाषनगर, बरेली, इलियास पुत्र कल्लू निवासी गड़िया पैगम्बरपुर, थाना हजरतपुर, बदायूं और जीन खान पुत्र सलीम खान निवासी गड़िया पैगम्बरपुर, थाना हजरतपुर, बदायूं के रूप में हुई है।
अछनेरा में तालाब किनारे बंद मकान को बनाया निशाना
पूछताछ में पुलिस को आरोपियों से कई वारदातों के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, सरमीन और जीन ने बताया कि 13 और 14 सितंबर की रात उग्र उर्फ उग्रसेन निवासी सिंगरावली, थाना गढ़ी बाजना, भरतपुर राजस्थान, अपने गांव के कलक्टर नामक व्यक्ति और एक अन्य व्यक्ति के साथ उन्हें अछनेरा क्षेत्र के गांव झारौठी में चोरी करने के लिए ले गया था।
वहां तालाब के किनारे स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाया गया। मकान के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी की गई। पुलिस के अनुसार चोरी के जेवरों में से कुछ को बेच दिया गया, जबकि कुछ जेवर सरमीन और जीन के कब्जे से बरामद हुए हैं। इस संबंध में थाना अछनेरा में मुकदमा दर्ज है।
छत के रास्ते घर में घुसे, ताले तोड़कर ले गए जेवर-नकदी
सरमीन ने पूछताछ में बताया कि 14 और 15 सितंबर की रात वह अपने बहनोई कलमा और उसके साथ आए एक अन्य व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल से थाना किरावली क्षेत्र के गांव गोपऊ में चोरी करने गया था। आरोपियों ने छत के रास्ते मकान में प्रवेश किया और कमरों तथा बक्सों के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी की।
पुलिस के मुताबिक चोरी का सामान कलमा और उसका साथी अपने साथ ले गए थे। बाद में कलमा ने सरमीन को उसके हिस्से के 15 हजार रुपये दिए। इनमें से नौ हजार रुपये उसके पास बचे थे, जबकि बाकी रकम खर्च हो गई। इस घटना के संबंध में थाना किरावली में भी मुकदमा दर्ज है।
22 सितंबर को कागारौल के दो घरों में की चोरी
पूछताछ में सरमीन, इलियास, हुसैन, मीर हसन और अंकित ने पुलिस को बताया कि 22 सितंबर की रात वे चोरी के इरादे से मथुरा हाईवे स्थित लालऊ पुल से उतरकर कागारौल की ओर गए थे। इसके बाद नहर किनारे और बाजरे के खेतों के रास्ते गांव में पहुंचे।
आरोपियों ने गांव में पीछे की ओर से दीवार पर चढ़कर दो मकानों में प्रवेश किया। कमरों, बक्सों और अलमारियों के ताले तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी की गई। पुलिस के अनुसार चोरी के सामान का आपस में बंटवारा किया गया। कुछ जेवरात राह चलते लोगों को बेच दिए गए, जबकि उससे मिले रुपये खर्च कर दिए गए।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार गिरोह से जुड़े उग्र उर्फ उग्रसेन निवासी सिंगरावली, थाना गढ़ी बाजना, भरतपुर राजस्थान, कलमा पुत्र जौहर हसन निवासी क्यारा, थाना कैंट, बरेली, कलक्टर नामक व्यक्ति और दो अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी संलिप्तता वाली अन्य घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।