मीट एट आगरा में पहुंचे डीएम मनीष बंसल, स्टॉल-दर-स्टॉल परखी आधुनिक मशीनरी और तकनीक
चाइनीज एग्जिबिटर्स से किया संवाद, फुटवियर उद्योग की नई तकनीकों और कारोबारी संभावनाओं की ली जानकारी
आगरा। सींगना स्थित आगरा ट्रेड सेंटर में चल रहे मीट एट आगरा में शनिवार को उस समय खास हलचल देखने को मिली, जब जिलाधिकारी मनीष बंसल प्रदर्शनी का जायजा लेने पहुंचे। फेयर शुरू होने के साथ ही देश-विदेश से आए एग्जिबिटर्स, फुटवियर उद्योग से जुड़े उद्यमियों, कारोबारियों और प्रोफेशनल्स की आवाजाही बनी रही। डीएम ने आयोजन स्थल का स्टॉल-दर-स्टॉल भ्रमण कर आधुनिक मशीनरी, फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स और नई तकनीकों की बारीकी से जानकारी ली।
आगरा ट्रेड सेंटर पहुंचने पर एफमेक अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, फेयर ऑर्गेनाइजिंग कमेटी की चेयरपर्सन माला खेड़ा, पूर्व अध्यक्ष कैप्टन ए.एस. राणा, उपाध्यक्ष राजीव वासन, राजेश सहगल और प्रदीप वासन सहित एफमेक पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर, माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने पूरे आयोजन स्थल का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न कंपनियों के स्टॉल पर पहुंचकर वहां प्रदर्शित फुटवियर कंपोनेंट्स, मटेरियल्स, अत्याधुनिक मशीनरी और तकनीकी उत्पादों के बारे में जानकारी ली। एग्जिबिटर्स से बातचीत के दौरान डीएम ने मशीनरी की उपयोगिता, उत्पादन प्रक्रिया और फुटवियर उद्योग में तकनीक के संभावित इस्तेमाल को भी समझा।
चाइना पवेलियन में विदेशी एग्जिबिटर्स से संवाद
जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी में विशेष रूप से चाइना पवेलियन का दौरा किया। यहां उन्होंने चीन से आए एग्जिबिटर्स से मुलाकात कर उनके द्वारा प्रदर्शित मशीनरी, फुटवियर मटेरियल्स और कंपोनेंट्स की जानकारी ली। उन्होंने विदेशी कंपनियों द्वारा प्रस्तुत तकनीकों और भारतीय फुटवियर उद्योग में उनकी संभावनाओं को लेकर भी बातचीत की।
डीएम मनीष बंसल ने एक ही मंच पर भारतीय और विदेशी कंपनियों की भागीदारी तथा फुटवियर उद्योग से जुड़े कारोबारियों को आधुनिक तकनीक और नए कारोबारी अवसर उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन उद्योग जगत को नई तकनीक से जोड़ने के साथ-साथ कारोबार के विस्तार के लिए भी महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराते हैं।
उद्योग को प्रशासन के सहयोग का भरोसा
जिलाधिकारी ने मीट एट आगरा की भव्यता, व्यवस्थाओं और आयोजन की व्यापकता की सराहना करते हुए फुटवियर उद्योग के विकास के लिए प्रशासन और सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि आगरा का फुटवियर उद्योग देश-विदेश में अपनी मजबूत पहचान रखता है और आधुनिक तकनीक तथा नवाचार के साथ इसकी संभावनाएं और व्यापक हो सकती हैं।
इस दौरान जीएम डीआईसी शैलेन्द्र सिंह सहित एफमेक के पदाधिकारी और फेयर ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। प्रदर्शनी में दिनभर फुटवियर उद्योग से जुड़े कारोबारियों और विजिटर्स की आवाजाही बनी रही और विभिन्न स्टॉल्स पर नई मशीनरी, तकनीक तथा उत्पादों को लेकर चर्चा का दौर चलता रहा।