नशे के सौदागरों पर हरेंद्र कुमार का ‘वार’, शाहदरा में हिमांशु सैनी की सख्त निगरानी ने कसी शिकंजे की डोर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

नशे के सौदागरों पर हरेंद्र कुमार का ‘वार’, शाहदरा में हिमांशु सैनी की सख्त निगरानी ने कसी शिकंजे की डोर

नशे के सौदागरों पर हरेंद्र कुमार का ‘वार’, शाहदरा में हिमांशु सैनी की सख्त निगरानी ने कसी शिकंजे की डोर

ट्रांस यमुना में अपराध पर पैनी नजर, 1.161 किलो गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार; थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार की रणनीति और चौकी इंचार्ज हिमांशु सैनी की सक्रियता आई काम

आगरा। ट्रांस यमुना क्षेत्र में अपराध और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार रंग ला रही है। थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार की प्रभावी निगरानी और शाहदरा चौकी इंचार्ज हिमांशु सैनी की सक्रिय पुलिसिंग के चलते पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोपी को दबोचकर नशे के कारोबार पर एक और चोट की है। शाहदरा सर्विस रोड पर हुई कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से 1 किलो 161 ग्राम गांजा और 370 रुपये नकद बरामद किए गए।

रविवार शाम पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाहदरा स्थित सर्विस रोड पर एक युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली तो उसके पास से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान सौरभ के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में सौरभ ने बताया कि वह सचिन नाम के व्यक्ति से गांजा खरीदकर राहगीरों को बेचता था। पुलिस अब सचिन समेत नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कब से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था और उसके संपर्क में कौन-कौन लोग हैं।

हरेंद्र की रणनीति, हिमांशु की फील्ड पुलिसिंग

ट्रांस यमुना क्षेत्र में पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के लिए थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार लगातार क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं शाहदरा चौकी क्षेत्र में हिमांशु सैनी की टीम द्वारा गश्त और संदिग्धों की चेकिंग पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी सक्रियता का परिणाम है कि पुलिस टीम को संदिग्ध युवक पर नजर पड़ी और तलाशी के दौरान गांजे की खेप बरामद हो गई।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अब केवल पकड़े गए आरोपी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि पूछताछ के जरिए गांजे की सप्लाई लाइन तक पहुंचने में जुटी है। सप्लायर सचिन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार की निगरानी और चौकी इंचार्ज हिमांशु सैनी की सक्रियता ने ट्रांस यमुना में पुलिस की सख्त कार्यशैली का संदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और अपराध से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

video

Pages